चाईबासा : आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिला उपायुक्त के मार्गदर्शन में चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के टुंगरी में शुक्रवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर परिषद की टीम ने प्रमुख मार्गों और आसपास के स्थानों की सफाई कर जमा कचरे का उठाव किया तथा उसका उचित निस्तारण किया।
नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने सड़क किनारे पड़े कूड़ा-कचरे को हटाया। इसके अलावा ऐसे स्थानों की भी विशेष रूप से सफाई की गई, जहां लोगों का नियमित रूप से अधिक आवागमन होता है। नगर परिषद के अनुसार पर्व-त्योहारों के दौरान शहर में स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण बनाए रखना अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
नगर परिषद ने आम लोगों से शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। लोगों से घरों और दुकानों से निकलने वाले कचरे को सड़क, नाली, खाली भूखंड या सार्वजनिक स्थानों पर नहीं फेंकने को कहा गया है। कचरे को निर्धारित स्थान पर देने और गीले तथा सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आदत अपनाने की अपील की गई।
नगर परिषद ने बताया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था के तहत स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण महत्वपूर्ण है। गीले, सूखे, स्वच्छता संबंधी और विशेष देखभाल वाले कचरे को अलग-अलग रखने पर जोर दिया गया है।
नगर परिषद ने लोगों को खुले में कचरा फेंकने से होने वाले स्वास्थ्य और पर्यावरण संबंधी नुकसान के प्रति भी जागरूक किया। खुले में जमा जैविक कचरे से मक्खी, मच्छर और चूहे जैसे रोगवाहक जीव पनप सकते हैं। इससे संक्रामक और वेक्टर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। वहीं, नालियों में कचरा जाने से जल निकासी बाधित होने और जलस्रोतों के प्रदूषित होने की आशंका रहती है। प्लास्टिक और अन्य कचरे को खुले में जलाने से वायु प्रदूषण भी बढ़ता है।
पर्व-त्योहारों के दौरान पूजा-पंडालों, बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई है। लोगों से पूजा सामग्री, प्लास्टिक, भोजन के अवशेष, कागज और अन्य कचरे को निर्धारित कूड़ेदान में ही डालने को कहा गया है।
नगर परिषद ने कहा कि सफाई कर्मी शहर को स्वच्छ रखने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उनके प्रयासों को सफल बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी है। शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है।

