Breaking
Thu. Apr 16th, 2026

सड़क हादसे में गम्हरिया निवासी युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी

जगन्नाथपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी क्षेत्र अंतर्गत जगन्नाथपुर गांव स्थित एक स्कूल के पास शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में पड़े युवक को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों की टीम द्वारा लगातार इलाज किया जा रहा था, लेकिन रविवार देर शाम घायल ने दम तोड़ दिया। शुरुआती जांच के दौरान दुर्घटनाग्रस्त बाइक का निबंधन आदित्यपुर निवासी संजय कुमार के नाम पर पाया गया। हालांकि, पुलिस द्वारा संपर्क किए जाने पर संजय कुमार ने किसी भी तरह की बाइक खरीद या उपयोग से इनकार किया है। इस कारण पुलिस बाइक के वास्तविक उपयोगकर्ता की पहचान को लेकर गहन जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पहले नहीं हो सकी थी, इसलिए शव को पोस्टमार्टम के बाद पहचान के लिए सुरक्षित रखने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसी बीच सोमवार को परिजनों ने सीनी ओपी पहुंचकर मृतक की पहचान की और बताया कि मृतक गम्हरिया के कमलपुर निवासी मधुसूदन है।

जानकारी के मुताबिक मधुसूदन खरसावां थाना क्षेत्र के चीलगू स्थित अपने ससुराल गए हुए थे। शनिवार देर शाम ससुराल से लौटने के दौरान रास्ते में हुए सड़क हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान रविवार देर शाम उनकी मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ बाइक से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

Related Post