Breaking
Sun. Feb 8th, 2026

तेज रफ्तार ऑटो ने टेलर को मारी जोरदार टक्कर, एक यात्री की मौत, दो गंभीर

जमशेदपुर।बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत सुनसुनिया गेट के पास रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। स्टेशन से साकची की ओर यात्रियों को लेकर जा रहा एक तेज रफ्तार पैसेंजर ऑटो अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पार कर रहे एक मालवाहक टेलर से जोरदार टक्कर मार बैठा। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त ऑटो में कुल तीन यात्री सवार थे। टक्कर के बाद एक यात्री की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की तत्परता से तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

हादसे को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है कि ऑटो चालक शराब के नशे में था और तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। लापरवाही और नशे के इस घातक मेल ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में ऑटो चालक को भी हल्की चोटें आई हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, पुलिस पहचान कराने में जुटी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची, क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक के नशे में होने की पुष्टि के लिए मेडिकल जांच कराई जा रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Related Post