Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

“6th गोल्डन एज जंक्शन” में बुज़ुर्गों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उत्साह का भव्य प्रदर्शन

जमशेदपुर: हेल्पिंग हैंड्स फ़ाउंडेशन द्वारा बुज़ुर्गों के सम्मान, सशक्तिकरण एवं सामाजिक सहभागिता को समर्पित “6th गोल्डन एज जंक्शन” का भव्य आयोजन रविवार को माइकल जॉन ऑडिटोरियम, बिष्टुपुर में किया गया। यह आयोजन बुज़ुर्गों की छिपी प्रतिभा, आत्मविश्वास और जीवन के प्रति उनके उत्साह को मंच प्रदान करने वाला एक प्रेरणादायक कार्यक्रम साबित हुआ।

कार्यक्रम के दौरान बुज़ुर्ग प्रतिभागियों ने रैंप शो, सामूहिक नृत्य, गायन, क्विज़ तथा मनोरंजक खेलों में भाग लेकर दर्शकों का मन मोह लिया। बुज़ुर्गों की जीवंत प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि उम्र केवल एक संख्या है। दर्शक इन यादगार पलों को अपने कैमरों में कैद करते नज़र आए।

इस अवसर पर समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसने कार्यक्रम को और भी गरिमामय एवं प्रेरणादायक बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान साइबर क्राइम थाना प्रभारी श्रीनिवास ने बुज़ुर्गों को साइबर फ्रॉड से बचाव को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी, जबकि डॉ. शादाब शाफी ने एल्डर केयर और स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक सुझाव साझा किए। दोनों सत्रों को उपस्थित बुज़ुर्गों ने अत्यंत उपयोगी बताया।

हेल्पिंग हैंड्स फ़ाउंडेशन विगत कई वर्षों से बुज़ुर्गों के उत्थान हेतु निरंतर कार्य कर रही है। संस्था द्वारा भोजन, वस्त्र, आश्रय, स्वास्थ्य सेवाएँ, जागरूकता शिविर, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव, वेलनेस कार्यक्रमों सहित अनेक सामाजिक सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं। साथ ही संस्था पूर्वी सिंहभूम ज़िले में आश्रय गृह एवं एल्डर केयर होम का सफल संचालन भी कर रही है।

कार्यक्रम में प्रवीण श्रीवास्तव, अरविंद कुमार, उज्वल दत्ता, रजक महानता, विनीता श्रीवास्तव, स्वाति दत्ता, आशा सिंह, अशोक अग्रवाल, स्मिता अग्रवाल, दीपांकर सेनगुप्ता, विवेक श्रीवास्तव, निर्मल दास एवं मनीष कुंडलियां सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यह आयोजन बुज़ुर्गों के प्रति समाज में सम्मान, संवेदनशीलता और सहभागिता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में सामने आया।

Related Post