कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी
चतरा : चतरा न्यू पुलिस के समीप संचालित लाला प्रीतम बीएड कॉलेज में नामांकन के नाम पर लाखों रुपये की अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए छात्रों ने कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा किया। आक्रोशित छात्रों का कहना है कि जहां बीएड की निर्धारित कुल फीस 1 लाख 65 हजार रुपये है, वहीं कॉलेज में छात्रों से 2 लाख 70 हजार से लेकर 3 लाख रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
छात्रों का आरोप है कि जिन अभ्यर्थियों का नाम नामांकन सूची में शामिल है, उनका नामांकन जानबूझकर नहीं लिया जा रहा, जबकि जिनका नाम सूची में नहीं है, उनसे 3 लाख रुपये लेकर नामांकन कराने का आश्वासन दिया जा रहा है। इतना ही नहीं पैसे जमा करने वाले छात्रों को कॉलेज प्रबंधन के द्वारा रसीद काटकर भी नहीं दिया जा रहा है। इस पूरे मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े छात्रों ने कॉलेज परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, कुछ छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि राशि जमा करने के बावजूद उन्हें नामांकन से वंचित कर दिया गया, जिसके बाद उन्होंने कॉलेज के डायरेक्टर से अपनी जमा राशि वापस करने की मांग की। छात्रों का कहना है कि अगर वे निर्धारित रकम से अधिक पैसे देने से इनकार करते हैं तो उन्हें बीएड की जगह डीएलएड करने की सलाह दी जाती है, जो सीधे तौर पर दबाव बनाने की कोशिश है।
इस पूरे मामले पर लाला प्रीतम बीएड कॉलेज के संचालक लाला प्रसाद साहू ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि “हमारे कॉलेज में किसी भी छात्र से 1 लाख 65 हजार रुपये से अधिक फीस नहीं ली जा रही है। यदि कोई व्यक्ति कॉलेज परिसर के बाहर पैसे की मांग करता है या कोई छात्र बाहर किसी को पैसे देता है, तो उसकी जिम्मेदारी कॉलेज प्रबंधन समिति की नहीं होगी।

