Breaking
Fri. Feb 6th, 2026

डिमना डैम में डीजे पर नाचने को लेकर हिंसक झड़प, चाकूबाजी में चार युवक गंभीर घायल

जमशेदपुर। डिमना डैम में रविवार की देर शाम पिकनिक का माहौल उस वक्त अचानक दहशत में बदल गया, जब डीजे पर नाचने को लेकर दो गुटों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे पर चाकू और कांच की बीयर बोतलों से जानलेवा हमला किया, जिसमें चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक युवक की हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन अस्पताल रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक के पास कुछ युवक डीजे बजाकर नाच रहे थे। इसी दौरान दूसरा गुट वहां पहुंचा और डांस करने लगा। नाचने के क्रम में दोनों गुटों के बीच धक्का-मुक्की हो गई, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में गाली-गलौज तक सीमित रहा विवाद कुछ ही पलों में उग्र हो गया और दोनों पक्षों के युवक आपस में भिड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुस्से में आए युवकों ने चाकू और कांच की बोतलों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस घटना में मानगो निवासी विश्वजीत दास की पीठ पर चाकू और कांच की बोतल से गंभीर वार किया गया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। वहीं विश्वजीत राय के हाथ में चाकू लगने से गहरी चोट आई है। सूरज सिंह को पेट में चाकू लगने से गंभीर चोटें आईं, जिसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे टाटा मेन अस्पताल रेफर कर दिया। दूसरी ओर जुगसलाई निवासी नदीम आलम को कान के पीछे चाकू से गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल से विवाद का कारण बने डीजे को जब्त कर लिया है और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।पुलिस का कहना है कि डिमना डैम जैसे पर्यटन स्थल पर इस तरह की हिंसक घटना गंभीर चिंता का विषय है। कानून व्यवस्था भंग करने और जानलेवा हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post