गुमला :* गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें कार ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना छतरपुर गांव के पास सुबह करीब सात बजे हुई, जब विपरीत दिशा से आ रही कार और ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और अनाज से लदा ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
हादसे के बाद कार ड्राइवर का शव वाहन के अंदर फंस गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। हादसे के कारण सड़क पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ट्रक ड्राइवर, जो खुद को दक्षिणेश्वर बंगाली बता रहा है, को मौके से हिरासत में लेकर थाना ले जाया गया। उसने पुलिस को बताया कि वह राशन का चावल लेकर जा रहा था और हादसे के समय कार ड्राइवर मोबाइल पर बात कर रहा था। हालांकि पुलिस इस दावे की जांच कर रही है। ट्रक ड्राइवर को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
मृतक की शिनाख्त अशोक कुमार खलखो (पिता-पीटर खलखो) के तौर पर की गई, जो रिगनिटोली गांव के निवासी थे। दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर JH01Q 3111 था, जबकि ट्रक का नंबर JH02W 7481 था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

