चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर स्थित रिटायर्ड कॉलोनी में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बनारसी पैलेस नामक कपड़े की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। दिनदहाड़े लगी आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देख इलाके के लोग सहम गए। स्थानीय लोगों की तत्परता और दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखे लाखों रुपये के कपड़े जलकर राख हो चुके थे।
यह घटना दिन के करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। बनारसी पैलेस महिला परिधान की दुकान रेलकर्मी तपन चक्रवर्ती की पत्नी चंद्रानी चक्रवर्ती द्वारा संचालित की जाती है। घटना के समय तपन चक्रवर्ती अपनी पत्नी के साथ बाहर गए हुए थे। इसी दौरान दुकान से अचानक धुआं निकलता देख आसपास के लोगों को आग लगने की आशंका हुई, जिसके बाद शोर मचाया गया और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
दुकान के पीछे बने घर में तपन चक्रवर्ती के माता-पिता मौजूद थे। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और दमकल की टीम भी पहुंची। दुकान बंद होने के कारण आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन लोगों और दमकलकर्मियों की संयुक्त कोशिशों से आग को फैलने से रोक लिया गया।
काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, हालांकि तब तक दुकान में रखा सारा कपड़ा और अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुका था। इस अग्निकांड में किसी तरह की जान-माल की हानि नहीं हुई है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी अधिक बताया जा रहा है। नुकसान का सही आकलन अभी नहीं हो सका है।
प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और दुकान संचालक दंपती को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।
वहीं, स्थानीय युवा समाजसेवी सन्नी उरांव ने घटना की जानकारी मिलते ही अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचकर दमकलकर्मियों की सहायता की। झामुमो नेता दिनेश जना, जुगनू रहमान, टिंकू प्रधान, कालिया प्रमाणिक सहित दर्जनों समर्थकों के सहयोग से आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोका जा सका, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

