जमशेदपुर: साकची स्थित जेएनएसी कार्यालय के समीप शनिवार की रात सिख समाज की ओर से चार साहिबजादे पर आधारित प्रेरणादायक फिल्म का विशेष प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग, स्थानीय नागरिकों और युवाओं की उपस्थिति देखने को मिली।
फिल्म के माध्यम से सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चारों साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान, वीरता और धर्म के प्रति उनकी अडिग आस्था को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। फिल्म देखते हुए दर्शक भावुक नजर आए और साहिबजादों के त्याग व शौर्य को नमन करते दिखाई दिए।
आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को सिख इतिहास, गौरवशाली परंपराओं और बलिदान की भावना से अवगत कराना है, ताकि युवा गुरुजनों द्वारा बताए गए मार्ग पर चलकर सच्चे सिख बनने की प्रेरणा ले सकें।
कार्यक्रम के दौरान यह संदेश भी दिया गया कि गुरुओं के बताए मार्ग पर चलकर ही सच्चे अर्थों में सिख जीवन को अपनाया जा सकता है।
इस अवसर पर हरविंदर सिंह मंटू, तरनप्रीत सिंह बन्नी, संदीप सिंह चटवाल, जोगिंदर सिंह जोगी सहित सिख समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

