Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

चाईबासा में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई: ब्लैक स्पॉट्स का संयुक्त निरीक्षण, हादसे रोकने के निर्देश

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के उद्देश्य से बुधवार को जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स का संयुक्त निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण उपायुक्त–सह–जिला दंडाधिकारी पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के निर्देश पर किया गया, जिसमें राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, जिला परिवहन विभाग और पुलिस विभाग की टीम शामिल रही। जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार, राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल के सहायक अभियंता राजाराम दीवाना, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा सड़क सुरक्षा टीम मौके पर मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान चाईबासा मुफ्फसिल और सदर थाना क्षेत्र में तेजी से बढ़ती दुर्घटनाओं की स्थिति का आकलन किया गया। टीम ने पहले मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बादुरी गांव का दौरा किया, जहां तेज रफ्तार को हादसों का प्रमुख कारण पाया गया। पिछले कुछ समय में यहां कुल सात बड़ी दुर्घटनाएं दर्ज हुई हैं, जिनमें दोपहिया वाहन, ट्रक और अज्ञात वाहन शामिल रहे। विशेषज्ञों ने इलाके में रम्बल स्ट्रिप और स्पीड लिमिट संकेतक लगाने की जरूरत बताई। साथ ही NH-220 से जुड़ने वाली ग्रामीण सड़कों पर स्पीड कंट्रोल के लिए ब्रेकर लगाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। प्रशासन ने दोपहिया और भारी वाहनों पर कड़ी निगरानी रखने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है। वहीं स्थानीय लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए सड़क सुरक्षा अभियान चलाने और सड़क सुरक्षा ग्राम समिति गठन करने की योजना भी बनाई गई है।

इसके बाद टीम ने चाईबासा शहर में R.K जैन पेट्रोल पंप से ओवरब्रिज तक के मार्ग का निरीक्षण किया। इस क्षेत्र में अतिक्रमण, घनी आबादी और भारी ट्रैफिक को दुर्घटनाओं की मुख्य वजह माना गया। यहां नौ दुर्घटनाओं के मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें बस, दोपहिया और ट्रक शामिल रहे। निरीक्षण टीम ने पाया कि सुचारू यातायात प्रबंधन और बस स्टैंड चौक के चौड़ीकरण जैसे आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। साथ ही सड़क किनारे अनधिकृत अतिक्रमण को हटाने और वाहनों पर सख्त एन्फोर्समेंट की जरूरत है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और निरीक्षण के आधार पर सभी आवश्यक सुधारात्मक कदम जल्द लागू किए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।

Related Post