Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

पदमपुर में कुएं से मिली महिला की लाश, क्षेत्र में सनसनी

लिव-इन रिलेशन में रह रही रूपा देवी की मौत ने उठाए कई सवाल

कांड्रा:सरायकेला जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पदमपुर गांव स्थित एक कुएं में ग्रामीणों ने एक महिला का शव तैरता हुआ देखा। सूचना फैलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। शव की पहचान चांडिल के रुचाप गांव की रहने वाली 30 वर्षीय रूपा देवी के रूप में हुई।

मामले की जानकारी मिलने पर झामुमो नेता कृष्णा बास्के भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि रूपा देवी पिछले चार वर्षों से रोशन कुमार सिन्हा नामक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों मंगलवार को पदमपुर गांव आए थे और बबलू बास्के के घर में किराए पर रहने लगे थे। देर रात रोशन अपनी ड्यूटी पर चला गया था, जिसके बाद तड़के यह घटना सामने आई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रूपा शांत स्वभाव की महिला थी और किसी तरह के विवाद की जानकारी कभी सामने नहीं आई। ग्रामीणों का दावा है कि महिला ने सम्भवतः कुएं में छलांग लगाई होगी, लेकिन उसकी मौत के कारण अब भी स्पष्ट नहीं हैं।

कांड्रा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटनाक्रम की सभी परिस्थितियों की जांच कर रही है और रूपा देवी की मौत आत्महत्या है या किसी अन्य वजह से हुई, इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी।

Related Post