जमशेदपुर। झारखंड राज्य के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर सिदगोड़ा टाउन हॉल में शनिवार को भव्य जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पूरे जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें नमन कर की गई, जिसके बाद पूरा वातावरण पारंपरिक धुनों और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हो उठा।
समारोह का सबसे प्रभावशाली क्षण भगवान बिरसा मुंडा की जीवन गाथा पर आधारित नाटक का मंचन रहा, जिसने उनके संघर्ष, नेतृत्व और सामाजिक चेतना के संदेश को जीवंत रूप से मंच पर प्रस्तुत किया। संथाली समुदाय के कलाकारों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया, जिनके संघर्ष और योगदान ने राज्य की पहचान और गौरव को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया।
इस अवसर पर विधायक सरयू राय, जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी, उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, उप विकास आयुक्त, जिला कल्याण पदाधिकारी, समाज कल्याण पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा अन्य कई प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभुकों को परिसंपत्तियाँ और स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा दिव्यांगजन, वृद्धा पेंशन लाभुकों और ई-ट्राइसाइकिल प्राप्तकर्ताओं को सहायता दी गई, जबकि समाज कल्याण विभाग की ओर से विधवा विवाह प्रोत्साहन, किशोरी समृद्धि और कन्यादान योजनाओं की लाभार्थियों को सहयोग दिया गया। कल्याण विभाग द्वारा महिलाओं को सिलाई मशीन, वनपट्टा वितरण हुआ और स्वास्थ्य विभाग ने सहिया, एएनएम, सीएचओ और चिकित्सकों को उत्कृष्ट सेवा सम्मान से नवाजा।
विधायक सरयू राय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की विचारधारा हमें सामाजिक न्याय के लिए समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देती है। विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि झारखंड के महापुरुषों के बलिदान ने हमारी अस्मिता और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत किया है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि प्रशासन योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है और आज वितरित परिसंपत्तियाँ लाभुकों की आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।

