जमशेदपुर/रांची: जमशेदपुर के प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज के दो बॉडीगार्ड और एक चालक रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित धुर्वा डैम में बीती रात हुए दर्दनाक हादसे में मौत का शिकार हो गए। सुबह डैम से बरामद हुई कार में तीनों के शव पाए गए। मृतकों की पहचान जमशेदपुर के बॉडीगार्ड उपेंद्र कुमार सिंह और रॉबिन कुजूर तथा एक सरकारी चालक के रूप में हुई है। हालांकि चालक की आधिकारिक पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार देर रात अनियंत्रित होकर सीधे डैम में गिर गई। पानी में डूबने के कारण कार में सवार तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने सुबह पानी में कार के कुछ हिस्से तैरते हुए देखे और तुरंत नगड़ी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान चलाकर शवों को बाहर निकाला।
कार में कुल चार लोग सवार थे। तीन के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि चौथा व्यक्ति अभी भी लापता है। पुलिस और एसडीआरएफ टीम स्थानीय गोताखोरों के साथ उसकी तलाश में जुटी हुई है। डैम की गहराई और तेज धारा के कारण खोज में चुनौतियां आ रही हैं। घटनास्थल से दो सर्विस रिवॉल्वर भी बरामद किए गए हैं। पुलिस हादसे से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच भी कर रही है।
यह सवाल अभी भी जांच के दायरे में है कि देर रात पीडीजे के दोनों बॉडीगार्ड और चालक डैम की ओर क्यों गए। पुलिस उनके मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
तीनों शवों को रिम्स भेज दिया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का वास्तविक कारण और समय स्पष्ट किया जाएगा। इस हादसे ने पूरे पुलिस विभाग और न्यायिक महकमे में शोक की लहर पैदा कर दी है। अधिकारी फिलहाल यह तय करने से बच रहे हैं कि यह केवल एक सड़क दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई और कारण छिपा है।

