Breaking
Sun. Apr 19th, 2026

खूँटपानी मेले से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद, दो चोर गिरफ्तार

चक्रधरपुर।पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित चक्रधरपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खूँटपानी मेले से चोरी हुई दो मोटरसाइकिलें बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह सफलता बुधवार मिली, जब पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिल लेकर सोनुवा की ओर जा रहे हैं।

मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ग्राम रामचंद्रपुर के पास सोनुवा मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार दो युवक तेज रफ्तार से आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर वाहन के कागजात मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागज प्रस्तुत नहीं कर सके। शक के आधार पर जब पुलिस ने दोनों से कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने खूँटपानी मेले से मोटरसाइकिल चोरी की थी।

गिरफ्तार युवकों की पहचान अगस्ती प्रधान (उम्र 23 वर्ष), पिता सुशांत प्रधान, ग्राम कुंजाडीह, थाना कुचाई, जिला सरायकेला-खरसवाँ और सुसेन प्रधान (उम्र 25 वर्ष), पिता स्वर्गीय रतनाकर प्रधान, ग्राम गितिलता, टोला जामडीह, थाना खरसवाँ, जिला सरायकेला-खरसवाँ के रूप में हुई है।

पुलिस ने उनके पास से दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं—एक हीरो सुपर स्प्लेंडर (पंजीकरण संख्या जेएच06एम 9533) और दूसरी हीरो होंडा सीडी डीलक्स (पंजीकरण संख्या जेएच06सी 8938)। दोनों वाहनों की जब्ती सूची तैयार कर ली गई है और दोनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज गया है।

इस छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी अवधेश कुमार, अनुसंधानकर्ता रोहित कुमार, सहायक उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से मेले के दौरान हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर रोक लगेगी और आगे भी ऐसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post