Breaking
Tue. Dec 9th, 2025

कपाली में दिनदहाड़े चोरी की कोशिश नाकाम, भीड़ ने एक चोर को पकड़ पुलिस को सौंपा

कपाली।सरायकेला-खरसावां जिला के कपाली ओपी क्षेत्र में बुधवार को हुई चोरी की घटना में लोगों की सतर्कता से एक बड़ा अपराध टल गया। सरफुद्दीन मस्जिद के पास स्थित मकसूद आलम के मकान में दो चोर घुस गए और लगभग पाँच लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात चोरी कर लिए।

जानकारी के अनुसार, चोरों में फैज़ान अख्तर और पिंटा नामक युवक शामिल थे। दोनों ने गैराज का दरवाज़ा खोलकर घर में प्रवेश किया और कीमती गहनों को बगल के खाली प्लॉट में फेंक दिया। जब वे भागने की कोशिश करने लगे, तभी घर की महिलाओं ने उन्हें देख लिया। इस दौरान एक चोर ने चाकू दिखाकर डराने की कोशिश की, लेकिन महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुँच गए।

भीड़ ने फैज़ान अख्तर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई के बाद कपाली ओपी पुलिस के हवाले कर दिया। दूसरा चोर पिंटा मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बरामद किए गए सभी जेवरों को कब्जे में ले लिया है, हालांकि कान की बाली और पायल अभी गायब बताई जा रही है।

मकसूद आलम की ओर से कपाली ओपी में लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Related Post