Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

मनोहरपुर स्टेशन पर दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव, खिड़की का शीशा टूटा, यात्री घायल

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर स्टेशन पर बुधवार की देर रात दुरंतो एक्सप्रेस पर अज्ञात असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। इस घटना में ट्रेन के कोच नंबर ए-4 की खिड़की का शीशा टूट गया और एक यात्री घायल हो गया। घटना के समय रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को इसकी भनक तक नहीं लगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, कोच के सीट नंबर 33 पर बैठे यात्री को पत्थर लगने से हल्की चोट आई। ट्रेन के कर्मियों ने तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया, जिसके बाद यात्री ने यात्रा जारी रखने की इच्छा जताई।

घटना की जानकारी ट्रेन के टीटी ने कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद आरपीएफ हरकत में आई और प्लेटफॉर्म के साथ-साथ ट्रैक की ओर तलाशी शुरू की। हालांकि देर रात तक पथराव करने वालों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस रूट पर अक्सर ट्रेन गुजरने के दौरान पथराव की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन आरपीएफ की गश्त व्यवस्था कमजोर होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। फिलहाल आरपीएफ मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Post