Breaking
Fri. Mar 6th, 2026

तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौत, चाईबासा-टाटा मार्ग पर हुआ भीषण हादसा

चाईबासा।पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा-टाटा मुख्य मार्ग पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार व्यक्ति की मौत हो गई। यह हादसा कुजू नदी पुल के पास रात लगभग 11:10 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक की गति अत्यधिक तेज थी और टक्कर लगते ही स्कूटी कई मीटर तक घिसटती चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी, लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक स्कूटी सवार व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। दुर्घटना में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ हिट एंड रन का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

घटना के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।

इस हादसे ने एक बार फिर जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक निगरानी बढ़ाने और ओवरस्पीडिंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Post