Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

सोनारी लूटकांड का खुलासा: कुछ ही घंटों में दो आरोपी गिरफ्तार, सोने का लॉकेट और बाइक बरामद

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र में हुए एक लूटकांड का पुलिस ने तेज़ी से खुलासा करते हुए मात्र कुछ ही घंटों में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद तुरंत की गई छापेमारी में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

डीएसपी मनोज ठाकुर ने संवाददाता सम्मेलन कर बताया कि 27 अगस्त की दोपहर लगभग 1 बजे मरीन ड्राइव रोड डोबो ब्रिज स्थित गोलचक्कर के पास एक ट्रक (संख्या BR27AG 7265) के चालक से दो अपराधियों ने सोने का लॉकेट लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी अभियान चलाया।

जांच के क्रम में पुलिस ने बजरंग नगर, गोलमुरी निवासी 25 वर्षीय हरदीप सिंह और सर्कस मैदान, गोलमुरी निवासी 29 वर्षीय विक्की सिंह उर्फ लंगर को गिरफ्तार किया। दोनों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा गया सोने का लॉकेट और अपराध में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल (नंबर JH05BN5469) भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Related Post