जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी वन क्षेत्र में जंगली हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार देर शाम गुड़ाबांदा प्रखंड के बालीजुड़ी गांव के पास एक हाथी ने युवक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना स्वर्णरेखा नदी के किनारे की है, जहां 35 वर्षीय सरोज पाल की जंगली हाथी के हमले में जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक शाम के समय नदी किनारे गया था तभी हाथी ने उस पर हमला कर दिया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह हाथी पिछले कई दिनों से इलाके में घूम रहा है और फसलों के साथ-साथ लोगों के घरों को भी नुकसान पहुंचा रहा है।
मुसाबनी रेंज के प्रभारी वन क्षेत्र पदाधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। उन्होंने कहा कि हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ाई जा रही है और क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और हाथी के आसपास न जाएं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

