Breaking
Sun. May 10th, 2026

जमशेदपुर और ओड़िशा पुलिस ने चोरी की अर्टिका कार के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

जमशेदपुर। ओडिशा के रायरंगपुर से चोरी हुई अर्टिका कार के साथ फरार दो आरोपियों को गुरुवार की रात जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र के हितकू में पुलिस ने पकड़ लिया। ओडिशा के तीरिंग थाना पुलिस को चोरी की घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना को सतर्क किया गया और दोनों थानों की संयुक्त कार्रवाई में हाई स्पीड भाग रहे कार चालक को रोका गया। आरोपियों ने पकड़े जाने से पहले कार को 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाते हुए रास्ते में कई बाइक सवारों को टक्कर मारी, जिससे दो से तीन लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार इतनी तेज थी कि लोग उसका रंग तक पहचान नहीं पाए। एक महिला ने बताया कि उसका भतीजा घर के सामने खड़ा था, तभी कार ने उसे टक्कर मार दी और भाग निकली। वहीं स्थानीय निवासी महेश दास ने कहा कि उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी थी, जिसे तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारी और जादूगोड़ा की ओर निकल गई।

सूचना मिलने पर पुलिस ने तीन गाड़ियों की मदद से पीछा कर कार को हितकू में घेर लिया। कार में सवार दोनों आरोपी नशे की हालत में पाए गए। उनसे पूछताछ की जा रही है और यह जांच भी जारी है कि वे किसी संगठित आपराधिक गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। साथ ही, यह भी पता लगाया जा रहा है कि कार की वास्तविक मालिकी किसके पास है और चोरी कैसे हुई।

सुंदरनगर थाना प्रभारी ने बताया कि घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि आने वाले समय में इस घटना से जुड़े कई और तथ्य सामने आ सकते हैं।

Related Post