Breaking
Fri. May 22nd, 2026

सड़क हादसे में बच्ची की मौत, दो गंभीर घायल, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

चतरा: इटखोरी-पदमा पथ पर खरौंधा मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय बच्ची भारती कुमारी की मौत हो गई। इस दुर्घटना में सतुवा बोंगा गांव के रवि भुइयां और रंजन भुइयां गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को इटखोरी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को गहन चिकित्सा के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया। मृतक भारती कुमारी एरकी बलिया गांव के अजय भुइयां की बेटी थी।

 

जानकारी के मुताबिक, रवि और रंजन बाइक से भारती को लेकर अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

 

इस हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

 

घटनास्थल पर बीडीओ और थाना प्रभारी पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक जाम हटाया नहीं जा सका था। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Post