Breaking
Tue. Mar 17th, 2026

गैंगवॉर में चौबीस घंटे में दो हत्याओं से दहला शहर, मानगो और टेल्को में हत्या

जमशेदपुर।शहर में अचानक से गैंगवॉर की घटनाएं बढ़ गई है। पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।ऐसा लगता है कि अपराधियों के आगे पुलिस बेबस हो गई।टेल्को में दिनदहाड़े सुनील सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं बीती रात मानगो में भी टोनी सिंह की गोली मारकर हत्या की गई। जबकि एक युवक घायल है।

 

जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात मानगो डिमना रोड पर अमरनाथ गिरोह के कुख्यात सदस्य टोनी सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जबकि उसका एक साथी घायल हो गया है।इसके अगले ही दिन, शनिवार सुबह टेल्को क्षेत्र में बिरसानगर निवासी सुनील सिंह (44) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों घटनाओं ने शहरवासियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

 

पहली घटना: डिमना रोड पर टोनी सिंह की हत्या

 

डिमना रोड पर उमा टिफिन के पास शुक्रवार रात टोनी सिंह अपने साथी राजीव और अन्य लोगों के साथ खड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी टोनी पर नजर रखकर वहां से चली गई। कुछ ही देर बाद तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह हमलावर पहुंचे और टोनी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

 

हमलावरों ने उसके सिर पर बेहद करीब से गोली चलाई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। परिजन और स्थानीय लोग उसे ब्रह्मानंद अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

 

इस हत्या में प्रतिद्वंद्वी गिरोह के अविनाश नामक युवक की संलिप्तता सामने आई है, जो गणेश सिंह गिरोह से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने गिरोह के बीच आपसी रंजिश की आशंका के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

 

दूसरी घटना: टेल्को में सुनील सिंह की हत्या

 

शनिवार सुबह टेल्को क्षेत्र में तार कंपनी सीटू तालाब के पास बिरसानगर निवासी सुनील सिंह को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। सुनील अपने साथी गुलशन के साथ स्कूटी पर साकची में फिजियोथैरेपी के लिए जा रहे थे।

 

हमलावरों ने पास आकर सुनील पर गोली चलाई, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। परिजन उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले में सुनील के साथी गुलशन भी घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है।

 

परिजनों के अनुसार, सुनील कनवाई को बाहर भेजने का काम करते थे और नियमित रूप से फिजियोथैरेपी के लिए जाते थे।

 

पुलिस की कार्रवाई और बढ़ता अपराध

 

पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है। टोनी सिंह की हत्या में गिरोहों की आपसी रंजिश और सुनील सिंह की हत्या में जमीन विवाद जैसे पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।

 

इन लगातार हो रही घटनाओं ने जमशेदपुर में असुरक्षा का माहौल बना दिया है। नागरिकों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Related Post