चाईबासा-:पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र के होयोहातु पंचायत स्थित पैदमपुर गांव में मंगलवार देर रात एक युवक की हत्या की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। माली गुंडूवा नामक 25 वर्षीय युवक की हत्या धारदार हथियार से सिर पर वार कर की गई। घटना के समय माली गुंडूवा गांव की सड़क पर खड़ा होकर मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, बोलेरो गाड़ी में आए कुछ अज्ञात लोग माली गुंडूवा को जबरन अपने साथ गाड़ी में बैठाकर गांव से कुछ दूरी पर ले गए। वहां, उन्होंने उसकी कनपट्टी और सिर पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी और फरार हो गए। जब ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, तो माली गुंडूवा को मृत पाया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने टोकलो थाना को सूचित किया, लेकिन पुलिस रात में घटनास्थल पर नहीं पहुंच सकी। बुधवार सुबह पुलिस गांव पहुंची और शव को बरामद कर मामले की जांच में जुट गई।
गांव में हुई इस हत्या से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में आए दिन हत्या जैसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों को पकड़ने में विफल रही है। इससे पहले 10 अगस्त को टोकलो थाना क्षेत्र के सुरबुड़ा पंचायत के सोरजमडीह गांव में एक व्यक्ति की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी, जिसका खुलासा अब तक नहीं हो पाया है।
इधर, टोकलो थाना प्रभारी परमेश्वर उरांव ने इस मामले में कहा कि शुरुआती जांच में यह हत्या नहीं बल्कि दुर्घटना का मामला प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

