जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के द्वारा चैम्बर के पूर्व उपाध्यक्ष (वित्त एवं कराधान) स्व. दिनेश चौधरी की चौथी पुण्यतिथि पर चैम्बर भवन में सोमवार, दिनांक 05 अगस्त, 2024 को पूर्वाह्न 10.00 बजे से संध्या 4.00 बजे तक आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन धालभूम के अनुमंडलाधिकारी श्रीमती पारूल सिंह एवं टाटानगर रेलवे स्टेशन के ए.आर.एम. अभिषेक सिंघल के द्वारा किया जायेगा। इस अवसर पर स्व. दिनेश चौधरी के परिवार के सदस्यगण भी उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी चैम्बर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका एवं मानद महासचिव मानव केडिया ने संयुक्त रूप से दी।
अध्यक्ष श्री विजय आनंद मूनका ने कहा कि स्व. दिनेश चौधरी की पुण्यतिथि पर चैम्बर के द्वारा प्रत्येक वर्ष आयोजित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया जाता रहा है। इस वर्ष भी उनकी चौथी पुण्यतिथि पर इसका आयोजन किया जा रहा है। इस रक्तदान शिविर के माध्यम से चैम्बर में विभिन्न पदों पर रहकर व्यवसायी, उद्यमी के समस्याओं के समाधान और उनकी हित के प्रति किये गये कार्यों को सदस्यों के बीच स्मृति के रूप आयोजित किया जाता है जिससे दूसरे सदस्य उनके कार्यों से प्रेरित होकर चैम्बर के प्रति निष्ठावान बनें और व्यवसायी उद्यमी हित के सतत कार्य करने के लिये तत्पर रहे।
चैम्बर उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल एवं सचिव सुरेश शर्मा लिपु ने कहा कि रक्तदान महादान होता है। रक्तदान करने से शरीर में नये रक्तकणों का संचार होता है और शरीर स्वस्थ बना रहता है इसलिय रक्तदान अवश्य करें। रक्तदान में 18 वर्ष से लेकर 60 वर्ष तक के लोग भाग ले सकते हैं।
चैम्बर के सभी पदाधिकारीगण अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, मानद महासचिव मानव केडिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, पुनीत कांवटिया, सचिव भरत मकानी, अधिवक्ता अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा एवं कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया ने सदस्यों सहित शहर के व्यवसायी उद्यमियों से अनुरोध किया है कि वे उक्त रक्तदान शिविर में अवश्य आयें और दिवंगत उपाध्यक्ष को ऋद्वांजलि अर्पित करें।

