जमशेदपुर: कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जमशेदपुर में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। टाटा वर्कर्स यूनियन के प्रयासों से 114 बेड वाले अत्याधुनिक कैंसर रेस्ट हाउस का निर्माण पूरा हो गया है। दीपावली के अवसर पर इस रेस्ट हाउस का उद्घाटन किया गया। इससे इलाज के लिए जमशेदपुर आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को काफी राहत मिलेगी।
कैंसर रेस्ट हाउस का संयुक्त रूप से उद्घाटन टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदरा रामम और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी (टुन्नू चौधरी) ने किया। इस मौके पर यूनियन के महासचिव सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह समेत यूनियन के अन्य पदाधिकारी और कई कमेटी मेंबर (यूसीएम) मौजूद रहे।
इस रेस्ट हाउस में कुल 114 बेड के साथ आधुनिक सुविधाएं और अलग-अलग केबिन की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य कैंसर मरीजों और उनके परिजनों को इलाज के दौरान रहने के लिए सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक जगह उपलब्ध कराना है। अक्सर इलाज के लिए दूसरे शहरों से आने वाले मरीजों और उनके परिवारों को रहने की परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह सुविधा उनके लिए काफी मददगार साबित होगी।
इस परियोजना के लिए टिमकेन फाउंडेशन, टाटा स्टील और टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) ने संयुक्त रूप से आर्थिक सहयोग दिया है। वहीं, कैंसर रेस्ट हाउस के संचालन और देखरेख की जिम्मेदारी टाटा वर्कर्स यूनियन को सौंपी गई है।
इस परियोजना को धरातल पर उतारने में टाटा स्टील प्रबंधन का भी अहम योगदान रहा है। टाटा स्टील के सहयोग और टाटा वर्कर्स यूनियन के लगातार प्रयासों से यह सुविधा तैयार हो सकी है। यूनियन ने इस पहल के माध्यम से एक बार फिर यह दिखाया है कि उसकी भूमिका केवल कर्मचारियों के हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करना भी उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
दीपावली के अवसर पर शुरू हुई यह पहल कैंसर मरीजों और उनके परिवारों के लिए राहत का एक बड़ा सहारा बनेगी। इस जनहितकारी कार्य के लिए टाटा स्टील प्रबंधन, टाटा वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों और इस परियोजना से जुड़े सभी लोगों की सराहना की जा रही है।

