जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में शिलान्यास के करीब चार वर्ष बाद भी सड़क निर्माण शुरू नहीं होने को लेकर पूर्व मंत्री सह भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दुलाल भुईयां ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के नाम पर शिलान्यास और आश्वासन तो दिए जा रहे हैं, लेकिन कई योजनाएं वर्षों बाद भी जमीन पर नहीं उतर रही हैं। पोटका के माटकू पंचायत अंतर्गत पाथरचाकड़ी से बाघमारा गांव तक प्रस्तावित सड़क को उन्होंने इसका उदाहरण बताया।
दुलाल भुईयां के अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 1.28 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण को मंजूरी दी गई थी। 7 नवंबर 2022 को आयोजित आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान तत्कालीन विधायक और सांसद की मौजूदगी में सड़क का शिलान्यास भी किया गया था। शिलान्यास के बाद ग्रामीणों के बीच मिठाई बांटी गई थी और जल्द सड़क बनने की उम्मीद जगी थी। लेकिन चार साल बीतने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
उन्होंने कहा कि सड़क की स्वीकृति और शिलान्यास के बाद भी काम शुरू नहीं होना सरकारी व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। इस सड़क की समस्या को भाजपा सांसद विद्युत वरण महतो ने भी कई बार उठाया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। भुईयां ने आरोप लगाया कि सरकार विकास और ग्रामीणों की बुनियादी जरूरतों को लेकर गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि पाथरचाकड़ी-बाघमारा मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। जब सड़क की योजना स्वीकृत हो चुकी थी और उसका शिलान्यास भी किया जा चुका था, तो निर्माण में देरी की वजह स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने सड़क योजना की स्वीकृत राशि, विभागीय प्रक्रिया और अब तक काम शुरू नहीं होने के कारणों की जांच कराने की मांग की।
भुईयां ने प्रशासन से मामले में जिम्मेदारी तय कर सड़क निर्माण तत्काल शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि चार साल पहले शिलान्यास के मौके पर ग्रामीणों के बीच बांटी गई मिठाई आज भी विकास के अधूरे वादे की याद दिला रही है। अब ग्रामीण जानना चाहते हैं कि आखिर यह सड़क कब बनेगी और देरी के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी।

