Breaking
Fri. Nov 6th, 2026

टाटा स्टील के केबल टनल में चोरी की कोशिश नाकाम, 486 किलो कॉपर केबल के साथ दो गिरफ्तार

जमशेदपुर। टाटा स्टील की सिक्योरिटी टीम ने कंपनी के केबल टनल क्षेत्र में चोरी की कोशिश को नाकाम करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा है। उनके कब्जे से 486 किलो कॉपर केबल बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई है। कंपनी की ओर से शुक्रवार को जारी जानकारी के अनुसार, सिक्योरिटी टीम को कंपनी की संपत्ति चोरी किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने केबल टनल क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की।

निगरानी के दौरान सिक्योरिटी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी की और दो संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से कॉपर केबल बरामद हुआ। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी निवासी मोहम्मद अफजल और नौशाद अंसारी के रूप में हुई। कंपनी के अनुसार, बरामद 486 किलो कॉपर केबल एचएसएम सी-3 यार्ड से संबंधित है।

कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को बरामद केबल के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बिष्टुपुर थाना पुलिस को सौंपा दिया गया। सिक्योरिटी टीम की सतर्कता से कंपनी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कॉपर केबल चोरी करने की कोशिश विफल हो गई। टाटा स्टील प्रबंधन ने कंपनी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निगरानी जारी रखने की बात कही है।

Related Post