Breaking
Fri. Nov 6th, 2026

कुत्ते की सतर्कता से टली बाइक चोरी, घर में घुसे चोर को ग्रामीणों ने दबोचा

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में बाइक चोरी करने के इरादे से घर में घुसे चोर की कोशिश एक पालतू कुत्ते की सतर्कता के कारण नाकाम हो गई। कुत्ते ने अंधेरे में घर में घुसे संदिग्ध को देख लिया और उस पर झपटते हुए जोर-जोर से भौंकना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर घर के लोग जाग गए और शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर चोर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना कोवाली थाना क्षेत्र की तेतला पोड़ा पंचायत के गम्हारकोचा गांव की है। बताया जाता है कि गांव निवासी जवाहर लाल सरदार ने अपनी बाइक घर के अंदर खड़ी कर रखी थी। गुरुवार की रात करीब एक बजे एक व्यक्ति घर में दाखिल हुआ और बाइक चोरी करने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान घर में मौजूद कुत्ते की नजर उस पर पड़ गई। कुत्ते ने चोर को रोकने के साथ लगातार भौंकना शुरू कर दिया और उस पर हमला भी कर दिया।

कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनकर जवाहर लाल सरदार और उनके परिवार के अन्य सदस्य नींद से जाग गए। परिवार के लोगों के जागने के बाद चोर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन तब तक आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच चुके थे। ग्रामीणों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पकड़े गए चोर की जमकर पिटाई हुई और उसे बांध दिया गया।घटना की सूचना तत्काल कोवाली पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और चोरी के प्रयास के पीछे उसके मकसद तथा किसी गिरोह से उसके संबंध की जांच की जा रही है।

Related Post