चाईबासा: महिला कॉलेज के भूगोल विभाग में बीए प्रथम वर्ष की नई छात्राओं के स्वागत में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। इस दौरान सभी सेमेस्टर की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बनाया।
कार्यक्रम में नई छात्राओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर खुशी महतो को मिस फ्रेशर्स 2026 चुना गया।
इस अवसर पर भूगोल विभाग की सहायक प्राध्यापक मनीषा बिरुआ और नम्रता खलखो ने नई छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ अनुशासन बनाए रखने, कड़ी मेहनत करने, चरित्र निर्माण और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सीख दी।
कार्यक्रम में राजनीति विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक सोनमाई सुंडी, इतिहास विभाग की डॉ. अंजना सिंह और गृह विज्ञान विभाग की डॉ. मीरा कुमारी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए शिक्षा और जीवन में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की सफलता में भूगोल विभाग के सेमेस्टर दो (सत्र 2025-2029) और सेमेस्टर आठ (सत्र 2022-2026) की सभी छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा।

