Breaking
Thu. Nov 5th, 2026

कमान जारी करने के नाम पर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते होमगार्ड कार्यालय का मुंशी गिरफ्तार

पलामू। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) पलामू की टीम ने होमगार्ड कार्यालय के एक मुंशी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सकेन्द्र उर्फ साकेश कुजूर के रूप में हुई है। आरोप है कि वह ड्यूटी के लिए कमान जारी करने के एवज में वादी से रिश्वत की मांग कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, वादी ड्यूटी के लिए कमान कटवाने के उद्देश्य से जेएचजी कार्यालय पहुंचे थे। वहां उन्हें संबंधित अधिकारी से मिलने के बाद मुंशी से संपर्क करने को कहा गया। आरोप है कि मुंशी सकेन्द्र उर्फ साकेश कुजूर ने ड्यूटी कमान देने के बदले अधिकारी के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की। वादी ने जब इस संबंध में दोबारा संबंधित अधिकारी से बातचीत की तो कथित तौर पर उनसे कहा गया कि चार महीने में 1.20 लाख रुपये मिलते हैं, ऐसे में 10 हजार रुपये देने में क्या परेशानी है।

रिश्वत की मांग से परेशान वादी ने पैसे देने के बजाय इसकी शिकायत एसीबी पलामू के पुलिस अधीक्षक से लिखित रूप में की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान मुंशी द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की तैयारी की गई।

इसी क्रम में गुरुवार को एसीबी पलामू की धावा टीम ने दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जाल बिछाया। वादी से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते ही टीम ने आरोपी मुंशी सकेन्द्र उर्फ साकेश कुजूर को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Related Post