Breaking
Tue. Nov 3rd, 2026

डिवाइडर से टकराई अनियंत्रित कार, हादसे में डब्बू साहू की मौत

जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में गाढ़ाबासा निवासी 45 वर्षीय डब्बू साहू की मौत हो गई। बताया जाता है कि डब्बू साहू अपनी गाड़ी से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क के डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्हें गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। डब्बू साहू की मौत की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में मातम पसरा हुआ है और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

डब्बू साहू अपने पीछे नौ वर्षीय पुत्र छोड़ गए हैं। कम उम्र में ही पिता का साया सिर से उठ जाने के कारण बच्चे के भविष्य को लेकर परिजनों और परिचितों में गहरा दुख है। वह गाढ़ाबासा उपहार संघ काली पूजा कमेटी से भी सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। उनके निधन की खबर मिलते ही कमेटी के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने शोक जताया। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Related Post