Breaking
Sat. Oct 31st, 2026

सीआरपीएफ 174 बटालियन ने रन फॉर यूनिटी के जरिए दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश

चाईबासा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित सीआरपीएफ की 174वीं बटालियन में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। बटालियन कमांडेंट मनोज डांग के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, जवानों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत बटालियन परिसर में आयोजित रन फॉर यूनिटी यानी एकता दौड़ से हुई। इस दौड़ के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया गया। इसमें सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों के साथ आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

दौड़ संपन्न होने के बाद सभी उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। इस दौरान राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा करने तथा समाज में भाईचारे और एकजुटता की भावना को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

मौके पर उप कमांडेंट धर्मेन्द्र नारायण सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय एकता किसी भी व्यक्तिगत हित से ऊपर है। देश की एकता और अखंडता बनाए रखना केवल सरकार या किसी एक संस्था का दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब समाज के अंतिम व्यक्ति की भी इसमें भागीदारी सुनिश्चित होगी, तभी राष्ट्रीय एकता की भावना को व्यापक मजबूती मिलेगी।

उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण और देश की रियासतों के एकीकरण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उप कमांडेंट शांति किस्कू, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजयलक्ष्मी चौहान समेत बटालियन के अधिकारी और जवान मौजूद थे।

Related Post