जमशेदपुर। सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से दिवाली के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय महिला उद्यमी ट्रेड फेयर का सोमवार को शुभारंभ हुआ। चैंबर के पूर्व अध्यक्षों की पत्नियों ने संयुक्त रूप से मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान शारदा केडिया, प्रभाव अग्रवाल, सविता संथालिया, मंजू केडिया, सुमन नागोलिया और बबीता सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं। इस वर्ष मेले को पूरी तरह महिला सशक्तिकरण और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
उद्घाटन समारोह का संचालन करते हुए चैंबर के प्रतिनिधि अनिल मोदी ने कहा कि इस ट्रेड फेयर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनके व्यावसायिक कौशल और प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। मेले में महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं और स्वयं अपने कारोबार का संचालन कर रही हैं। यह आयोजन महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और ग्राहकों तक पहुंच बनाने का अवसर प्रदान करता है।
मेले में दिवाली और घरेलू जरूरतों से जुड़ी विभिन्न वस्तुओं की बिक्री की जा रही है। यहां महिलाओं के परिधान, सूट-सलवार, दीप-बत्तियां, सजावटी सामग्री, बच्चों के उपयोग की वस्तुएं तथा खानपान से जुड़ी स्वास्थ्यवर्धक सामग्री के स्टॉल लगाए गए हैं। त्योहार की खरीदारी के लिए लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विकल्प उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने शहरवासियों से ऑनलाइन खरीदारी के बजाय स्थानीय बाजारों और दुकानदारों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाजार में जाकर सामान देखने, परखने और खरीदने का अलग अनुभव होता है। स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने पर उनके व्यवसाय को भी प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने लोगों से मेले में पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ाने का आग्रह किया।
मेले के माध्यम से ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘बी इंडियन, बाय इंडियन’ जैसे संदेशों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य दिवाली की खरीदारी के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देना है।

