Breaking
Thu. Oct 15th, 2026

डांडिया उत्सव में शामिल होने जा रहे छात्र की ट्रक की चपेट में आने से मौत, सरायकेला में पसरा मातम

सरायकेला। सरायकेला-राजनगर बाइपास मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार छात्र सागर हेंब्रम की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक सरायकेला के हाड़ी साईं का रहने वाला था और स्थानीय संत फ्रांसिस स्कूल में पढ़ता था। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है, वहीं छात्र की असमय मौत से स्कूल के शिक्षक और सहपाठी भी गहरे सदमे में हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, सागर हेंब्रम गुरुवार को संत फ्रांसिस स्कूल में आयोजित डांडिया उत्सव में शामिल होने के लिए स्कूटी से घर से निकला था। वह स्कूल पहुंचकर उत्सव में हिस्सा लेता, इससे पहले ही सरायकेला-राजनगर बाइपास मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार एलपीटी ट्रक की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सागर को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर क्षतिग्रस्त स्कूटी और डांडिया स्टिक मिलने से यह स्पष्ट हुआ कि छात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहा था।

हादसे की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दुर्घटना के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

सागर की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। बेटे की मौत की खबर सुनते ही हाड़ी साईं स्थित उसके घर में चीख-पुकार मच गई। जिस घर से सागर स्कूल के डांडिया उत्सव में शामिल होने के लिए निकला था, वहां कुछ ही देर में खुशियों की जगह मातम छा गया। स्कूल में भी इस घटना को लेकर शोक का माहौल है।

थाना प्रभारी विनय कुमार के अनुसार, दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Related Post