जमशेदपुर/नेमरा: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता अरुण सिंह राजा ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके पैतृक गांव नेमरा स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत रूपी सोरेन के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अरुण सिंह राजा ने रूपी सोरेन के व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि वह हमेशा जमीन से जुड़ी रहीं। आम लोगों के साथ उनका जुड़ाव और उनका सरल स्वभाव उन्हें अलग पहचान देता था। उन्होंने अपने व्यवहार और आत्मीयता से लाखों झारखंडियों के दिलों में खास जगह बनाई, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन की स्मृतियां झारखंड के लोगों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी। उनके जीवन से जुड़ा संघर्ष, समर्पण और लोगों के प्रति संवेदनशीलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
इस मौके पर अरुण सिंह राजा ने दिवंगत रूपी सोरेन के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई।
अरुण सिंह राजा ने अपने शोक संदेश के अंत में ‘अंतिम जोहार, गुरुमाता’ कहकर दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की।

