Breaking
Wed. Oct 14th, 2026

कैंटन फेयर में शामिल होने के लिए एससीसीआई का 40 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल चीन रवाना

16 से 19 अक्टूबर तक अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का करेगा दौरा, आधुनिक तकनीक और मशीनरी की संभावनाओं का करेगा अध्ययन

जमशेदपुर, 14 अक्टूबर 2026। सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एससीसीआई) का 40 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बुधवार को चीन में आयोजित विश्वप्रसिद्ध कैंटन फेयर में भाग लेने के लिए रवाना हुआ। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व चैंबर के महासचिव पुनीत कावंटिया, उपाध्यक्ष हर्ष बकरेवाल और अभिषेक अग्रवाल गोल्डी कर रहे हैं। चैंबर के पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मूँका भी इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं।

प्रतिनिधिमंडल 16 से 19 अक्टूबर तक आयोजित चार दिवसीय कैंटन फेयर का दौरा करेगा। इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, मैन्युफैक्चरिंग, मशीनरी और विभिन्न औद्योगिक उत्पादों से संबंधित नवीनतम तकनीकों और उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। मेले में बड़ी संख्या में स्टॉल लगाए जाते हैं, जिससे उद्योगपतियों और व्यापारियों को नई तकनीकों तथा व्यावसायिक अवसरों को समझने का मौका मिलता है।

आधुनिक तकनीक और मशीनरी का करेंगे अध्ययन

इस दौरे का मुख्य उद्देश्य चीन में विकसित हो रही आधुनिक तकनीक, मशीनरी, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों और मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रियाओं का अध्ययन करना है। इससे जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के उद्योगपतियों एवं व्यापारियों को अपने कारोबार में नई तकनीकों के इस्तेमाल की संभावनाओं का आकलन करने और व्यवसाय को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

एससीसीआई अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य केवल अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का भ्रमण करना नहीं, बल्कि वहां प्रदर्शित नवीनतम तकनीकों और उत्पादन प्रक्रियाओं को समझकर भारत में उनके उपयोग की संभावनाएं तलाशना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रतिनिधिमंडल के सदस्य लौटकर स्थानीय उद्योगों में आधुनिक तकनीक अपनाने, नए उत्पादों के निर्माण और स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में काम करेंगे। इससे आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।

स्थानीय उद्योगों को मिलेगा लाभ

चैंबर के अनुसार, ऐसे अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक दौरों से स्थानीय व्यापार एवं उद्योग जगत को वैश्विक बाजार की जरूरतों, आधुनिक तकनीक और नए व्यावसायिक अवसरों की जानकारी मिलती है। इससे जमशेदपुर के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने और स्थानीय उद्योगों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद मिल सकती है।

प्रतिनिधिमंडल में कमल मकाती, रमन प्रसाद, लालचंद अग्रवाल, सुमन कुमार, मनीष अग्रवाल, आयुष गोयल, अपूर्व लिखमणिया, राज कुमार अग्रवाल, वत्सल नागेलिया, विनायक नागेलिया, राजेश कुमार अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, नवल कुमार संथालिया, लोकेश पलसानिया, विनीत मोदी, मोहन कुमार लढ़ा, राकेश मिश्रा, मुकेश शर्मा, सुजीत कुमार भदानी, हरपरीत सिंह, ऋषभ खंडेलवाल, गुलफाम हुसैन, उमंग अग्रवाल, पवन कुमार अग्रवाल, विशाल कुमार तिवारी, गौरव मारवाह, भरत कुमार रुंगटा, चिराग कसेरा, कृष्ण कुमार अग्रवाल, लावण्या अग्रवाल, इंदरजीत सिंह बिंद्रा, कवलजीत सिंह बिंद्रा, पारस कुमार, अंकित बजाज और स्नेह कसेरा सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।

Related Post