Breaking
Wed. Oct 14th, 2026

गढ़वा में शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, पांच गिरफ्तार

गढ़वा। शादी कराने का भरोसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का गढ़वा जिले की नगर उंटारी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 66 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तार लोगों में सोनू कुमार राम, चन्दा कुमारी, उपेन्द्र, राजेश सिंह बेदी और एक विधि-विरुद्ध किशोरी शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र के तिखी गांव निवासी गोविंद पटेल ने नगर उंटारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि शादी कराने के नाम पर उनसे 1 लाख 20 हजार रुपये की ठगी की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की तो एक संगठित गिरोह की संलिप्तता सामने आई।

जांच में पता चला कि गिरोह के सदस्य कथित तौर पर फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर लोगों के साथ शादी का रिश्ता तय करते थे। इसके बाद शादी कराने के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूलकर फरार हो जाते थे। मामले का खुलासा करने के लिए नगर उंटारी थाना प्रभारी अविनाश राज के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए महज आठ घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। छापामारी के दौरान उनके पास से 66 हजार रुपये नकद के अलावा दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की गई।

इस मामले में नगर उंटारी थाना कांड संख्या 208/2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है।

Related Post