जमशेदपुर। टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के नवनियुक्त इमरजेंसी ऑफिसर सह क्षेत्रीय प्रबंधक नीतीश कुमार का सोमवार को स्वागत किया गया। रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद आयोजित बैठक में विभाग की मौजूदा गतिविधियों की समीक्षा की गई और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर चर्चा हुई।
पूर्व इमरजेंसी ऑफिसर सह क्षेत्रीय प्रबंधक समीर सौरभ के स्थानांतरण के बाद नीतीश कुमार को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदभार संभालने के बाद विभागीय कार्यों की जानकारी देते हुए संतोष कुमार ने बताया कि रेल सिविल डिफेंस आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, अग्नि सुरक्षा, बचाव कार्य और जन-जागरूकता के क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियां संचालित करता है। बैठक में इन कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तार करने पर जोर दिया गया।
चर्चा के दौरान रेलकर्मियों के साथ आम नागरिकों को भी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। इसके तहत आपदा के समय त्वरित कार्रवाई, घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने, आग से बचाव तथा राहत एवं बचाव कार्यों के प्रति लोगों को जागरूक करने की योजनाओं पर विचार किया गया।
संतोष कुमार ने बताया कि नीतीश कुमार गुजरात कैडर में एडीएम के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव का लाभ रेल सिविल डिफेंस की कार्यप्रणाली को और मजबूत बनाने में मिलने की उम्मीद है। उनके नेतृत्व में सुरक्षा जागरूकता, आपदा प्रबंधन और प्रशिक्षण से जुड़ी गतिविधियों को नई गति देने की दिशा में काम किया जाएगा।
बैठक में सहायक सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर कल्याण कुमार साहू, डेमोंस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह, अनामिका मंडल, गीता कुमारी, सरस्वती मुर्मू, पी. हरि बाबू और प्रशांत कुमार समेत अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। सभी ने नवनियुक्त अधिकारी का स्वागत करते हुए विभागीय गतिविधियों को बेहतर बनाने में सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।

