Breaking
Mon. Oct 12th, 2026

*चक्रधरपुर में 15 करोड़ से होगा चार सड़कों का सुदृढ़ीकरण, विधायक ने किया भूमि पूजन* *21.10 किलोमीटर सड़कों की बदलेगी स्थिति, ग्रामीणों को आवागमन में मिलेगी सुविधा*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आवागमन की समस्या दूर करने के लिए करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से चार सड़क योजनाओं पर काम कराया जाएगा। इन योजनाओं के तहत कुल 21.10 किलोमीटर सड़कों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। सोमवार को विधायक सुखराम उरांव ने विधिवत पूजा-अर्चना कर चारों सड़क योजनाओं का भूमि पूजन किया। इससे पहले संबंधित गांवों के दिउरी ने पारंपरिक रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना की।

इन सड़क योजनाओं के पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचना भी आसान होगा। लंबे समय से जर्जर सड़कों की समस्या से परेशान ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।

चारों योजनाओं में बाईपी पंचायत के इचाकुटी मोड़ से गुईबेरा भाया उटूटूआ पथ के 10.10 किलोमीटर हिस्से का सुदृढ़ीकरण 7 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। वहीं, सोनुवा मुख्य पथ से कोमाय भाया गुईकेरा चौक तक 6.50 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण 4 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से होगा।

इसी तरह धानगांव से कोटसोना तक 2.50 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण 1 करोड़ 69 लाख रुपये तथा चक्रधरपुर से चेलाबेड़ा तक दो किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण 1 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।

भूमि पूजन के दौरान विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि सड़कों की जर्जर स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी। ग्रामीण लंबे समय से इन सड़कों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण की मांग कर रहे थे। उनकी समस्याओं को देखते हुए इन योजनाओं की पहल की गई है।

उन्होंने कहा कि सड़कें बेहतर होने से ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा। निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता विशाल खालखो ने कहा कि चारों सड़क योजनाओं का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। सड़कों के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी।

मौके पर विधायक प्रतिनिधि पीरू हेम्ब्रम, ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता विशाल खालखो, कनीय अभियंता पप्पू कुमार, मोनिष अतहर, जिला परिषद सदस्य मीना जोंको, मुखिया मेलानी बोदरा, तुरी कोड़ाह, सुरेश पान, सूरज खंडाईत, मदन तांती और गुलशन खंडाईत समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Post

You Missed