चाईबासा: मारवाड़ी युवा मंच, चाईबासा शाखा एवं चाईबासा जागृति शाखा के संयुक्त तत्वावधान में महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती समारोह का आयोजन स्थानीय पिल्लई हॉल में हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सरायकेला नगर अध्यक्ष मनोज चौधरी, विशिष्ट अतिथि चाईबासा नगर पालिका के उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा, मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष अविनाश खिरवाल, जागृति शाखा की अध्यक्ष चंदा अग्रवाल, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराम सुल्तानिया, राष्ट्रीय सहायक मंत्री हर्ष सुल्तानिया एवं कार्यक्रम संयोजक आशीष चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि मनोज चौधरी ने महाराजा अग्रसेन के जीवन और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाजवाद, समानता, अहिंसा और जनकल्याण के उनके सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। उनके विचार समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने मारवाड़ी युवा मंच की ओर से किए जा रहे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि विकास कुमार शर्मा ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्श समाज के सभी वर्गों के उत्थान, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान पिछले दस दिनों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इससे प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कोलकाता से आई वानर सेना टीम की भजन प्रस्तुति रही। टीम ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे सभागार को भक्तिरस से भर दिया। भजनों के दौरान उपस्थित लोग भावविभोर नजर आए और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
समारोह के माध्यम से महाराजा अग्रसेन के आदर्शों, सामाजिक समानता, सेवा, सहयोग और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन कौशिक पिरोजीवाला एवं मुकेश मित्तल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अविनाश खिरवाल ने दिया।

