जमशेदपुर। टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (टीपीआरईएल) की रूफटॉप सोलर इकाई टाटा पावर सोलरूफ ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है। जुलाई से सितंबर 2026 के बीच कंपनी ने 88,397 रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन किए, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान तिमाही के 66,447 इंस्टॉलेशन की तुलना में 33 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान कंपनी ने कुल 426 मेगावाट पीक (एमडब्ल्यूपी) क्षमता स्थापित की, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में स्थापित 369 मेगावाट की तुलना में 15 प्रतिशत की वृद्धि है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में टाटा पावर सोलरूफ ने 1,68,530 से अधिक रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन किए हैं। पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में 1,12,729 इंस्टॉलेशन की तुलना में यह 50 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं, पहली छमाही में स्थापित रूफटॉप सोलर क्षमता 801 मेगावाट पीक रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में स्थापित 639 मेगावाट की तुलना में 25 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी के मुताबिक, अब तक देशभर में टाटा पावर सोलरूफ के कुल रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन की संख्या 5.75 लाख तक पहुंच गई है और स्थापित क्षमता 5.67 गीगावाट पीक से अधिक हो गई है। यह उपलब्धि आवासीय के साथ-साथ वाणिज्यिक और औद्योगिक क्षेत्र में कंपनी की मजबूत मौजूदगी को दर्शाती है। क्रिसिल द्वारा लगातार 12 वर्षों तक भारत की नंबर एक रूफटॉप सोलर कंपनी के रूप में मान्यता मिलने का भी कंपनी ने उल्लेख किया है।
पिछले छह महीनों में उत्तर प्रदेश कंपनी के लिए सबसे बड़ा बाजार रहा, जहां 44,014 इंस्टॉलेशन के जरिए करीब 172 मेगावाट क्षमता स्थापित की गई। महाराष्ट्र में 22,165 इंस्टॉलेशन से करीब 100 मेगावाट, राजस्थान में 21,275 इंस्टॉलेशन से 99 मेगावाट और केरल में 15,477 इंस्टॉलेशन से करीब 65 मेगावाट क्षमता स्थापित हुई।
कंपनी की संचयी उपलब्धियों में भी उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। यहां 1,16,254 इंस्टॉलेशन के जरिए 528 मेगावाट क्षमता स्थापित की गई है। महाराष्ट्र में 73,578 इंस्टॉलेशन के साथ 1,041 मेगावाट, केरल में 69,734 इंस्टॉलेशन के साथ 310 मेगावाट से अधिक और राजस्थान में 44,798 इंस्टॉलेशन के साथ 390 मेगावाट की संचयी क्षमता स्थापित की गई है।
टाटा पावर सोलरूफ के अनुसार, कंपनी प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत देश में रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कंपनी के ‘घर घर सोलर’ अभियान के माध्यम से लोगों को रूफटॉप सोलर के प्रति जागरूक करने और इसके इस्तेमाल को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। कंपनी आवासीय, वाणिज्यिक और औद्योगिक ग्राहकों को रूफटॉप सोलर के लिए मॉड्यूल, 25 वर्ष की परफॉर्मेंस वारंटी, वित्तीय सुविधा, बीमा और बिक्री के बाद सेवा सहित एंड-टू-एंड समाधान उपलब्ध करा रही है।देशभर में कंपनी का नेटवर्क 740 से अधिक चैनल पार्टनरों के माध्यम से संचालित हो रहा है।

