Breaking
Mon. Oct 5th, 2026

टाटानगर स्टेशन के बर्मामाइंस छोर के विकास कार्यों की डीजीएम ने की समीक्षा, तेजी लाने का निर्देश

जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के उप महाप्रबंधक मनीष जैन ने सोमवार को टाटानगर स्टेशन का निरीक्षण कर बर्मामाइंस छोर पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। हावड़ा-राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस से टाटानगर पहुंचने के बाद उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या तीन से स्टेशन परिसर का निरीक्षण शुरू किया। इसके बाद वे बर्मामाइंस छोर स्थित सेकेंड गेट पहुंचे, जहां स्टेशन के विस्तार और यात्री सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्य चल रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने उप महाप्रबंधक को बर्मामाइंस छोर के पार्किंग क्षेत्र में प्रस्तावित स्टेशन भवन समेत विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने फोर लेन सड़क, पार्किंग स्थल और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण की वर्तमान स्थिति से भी उन्हें अवगत कराया।

उप महाप्रबंधक ने निर्माण कार्यों की गति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और एजेंसी को सड़क तथा पार्किंग का काम निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बर्मामाइंस छोर पर आधारभूत संरचना तैयार होने के बाद पोर्टिको, पार्किंग, मुख्य स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म और अन्य प्रस्तावित निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने में सुविधा होगी। स्टेशन के पुनर्विकास के तहत बर्मामाइंस गेट को आधुनिक यात्री सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में इन कार्यों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी, सीनियर परिचालन प्रबंधक मनीष पाठक समेत चक्रधरपुर रेल मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्टेशन के विकास कार्यों की प्रगति, निर्माण से जुड़ी आवश्यकताओं और आगामी चरण में किए जाने वाले कार्यों की जानकारी उप महाप्रबंधक को दी।

Related Post