Breaking
Mon. Oct 5th, 2026

रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में फिर बड़ी चोरी, शटर उखाड़कर लाखों के मोबाइल ले उड़े चोर

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम चक्रधरपुर शहर के मुख्य मार्ग स्थित रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में रविवार देर रात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के स्मार्टफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ कर दिया। अपराधियों ने दुकान के मुख्य दरवाजे का शटर उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरी दुकान को खंगाल डाला। सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक आशीष पड़िया ने रैक में मोबाइल के खाली डिब्बे और फर्श पर बिखरा सामान देखा तो चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गयी।

दुकान के अंदर रखे मोबाइल के कई डिब्बे खाली मिले, जबकि उनमें रखे महंगे स्मार्टफोन गायब थे। अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भी चोरी होने की बात सामने आयी है। चोरी गये सामान की वास्तविक कीमत का आकलन व्यापारी और पुलिस की ओर से किया जा रहा है। घटना के तरीके से आशंका जतायी जा रही है कि अपराधियों ने वारदात से पहले दुकान की रेकी की थी और उन्हें अंदर रखे कीमती सामान की जानकारी थी।

तीन महीने में दूसरी बार निशाना बनी दुकान

रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स को अपराधियों ने करीब तीन महीने के भीतर दूसरी बार निशाना बनाया है। इससे पहले 23 जुलाई 2026 को भी इसी दुकान में बड़ी चोरी हुई थी। उस समय चोर वेंटिलेटर तोड़कर दुकान में दाखिल हुए थे और करीब 46 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आईफोन, महंगे मोबाइल, लैपटॉप समेत अन्य सामान चोरी कर ले गये थे। अपराधी दुकान में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गये थे। मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन चोरी गये अधिकांश सामान की बरामदगी अब तक नहीं हो सकी है।

पिछली घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया था और व्यापारी संघ ने चक्रधरपुर बंद का आह्वान किया था। चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स ने भी बंद का समर्थन किया था। अब उसी दुकान में दोबारा चोरी होने से व्यवसायियों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ गयी है।

घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरपुर पुलिस टीम के साथ एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। लगातार दूसरी बार हुई चोरी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की अपराध नियंत्रण व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिये हैं।

Related Post