Breaking
Mon. Oct 5th, 2026

बच्चे के साथ मानगो छोटे पुल पर पहुंची महिला, नदी में कूदने का किया प्रयास, राहगीरों ने बचाया

जमशेदपुर। मानगो छोटे पुल पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब एक महिला अपने करीब एक साल के बच्चे के साथ पुल पर पहुंची और नदी में कूदने का प्रयास करने लगी। महिला की हरकत पर आसपास मौजूद राहगीरों की नजर पड़ गयी। लोगों ने तत्काल दौड़कर महिला को पकड़ लिया और बच्चे समेत उसे सुरक्षित स्थान पर ले आये। राहगीरों की तत्परता से महिला और उसका बच्चा बाल-बाल बच गये।

घटना के बाद पुल पर लोगों की भीड़ जुट गयी। राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले महिला वहां से चली गयी। पुलिस अब महिला से संपर्क कर घटना के कारणों की जानकारी जुटाने में लगी है।

बताया जा रहा है कि महिला सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा की रहने वाली है। पूछताछ के दौरान महिला ने पारिवारिक विवाद और पति के व्यवहार को लेकर परेशान होने की बात बतायी। जानकारी के अनुसार उसके पति पेंटिंग का काम करते हैं। महिला घरेलू परिस्थितियों को लेकर तनाव में थी। इसी दौरान वह बच्चे को लेकर मानगो छोटे पुल पर पहुंच गयी और नदी में कूदने का प्रयास करने लगी।

राहगीरों ने समय रहते हस्तक्षेप कर महिला को रोक लिया। इसके बाद कुछ देर तक पुल पर लोगों की भीड़ लगी रही। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। पुलिस महिला की पारिवारिक स्थिति और घटना के पीछे के कारणों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Post