जमशेदपुर। डिमना रोड में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में वास्तु विहार निवासी ट्रांसपोर्ट कारोबारी नीरज (50) की मौत हो गयी। हादसे के बाद दुर्घटना को अंजाम देने वाला ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नीरज सोमवार रात साकची गये थे। वहां उन्होंने सामान लोड करवाया और इसके बाद अपने घर वास्तु विहार लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे डिमना रोड पर पहुंचने के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नीरज गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नीरज को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंचे। नीरज की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि नीरज ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़े थे और उनके चार ट्रक चलते हैं। वह खुद ट्रांसपोर्ट से संबंधित कामकाज की देखरेख करते थे। पुलिस अब दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस ने डिमना रोड और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर ट्रक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। फरार चालक की तलाश के साथ पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

