Breaking
Fri. Sep 25th, 2026

देवदरिया पंचायत भवन में चोरी का तीन घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

लोहरदगा। जोबांग थाना क्षेत्र के देवदरिया पंचायत भवन के बैठक कक्ष का दरवाजा तोड़कर एलसीडी टीवी और कंप्यूटर का यूपीएस चोरी करने के मामले का पुलिस ने घटना के करीब तीन घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सामान के क्षतिग्रस्त हिस्से भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 24 सितंबर की सुबह करीब 10.25 बजे देवदरिया पंचायत भवन के बैठक कक्ष का दरवाजा तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा एलसीडी टीवी और कंप्यूटर का यूपीएस चोरी किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर जोबांग थाना पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल जांच शुरू करते हुए संदिग्धों की तलाश की और करीब तीन घंटे के अंदर घटना का उद्भेदन कर दिया।

मामले में पुलिस ने खरचा निवासी प्रीतम लोहरा (20), पिता बंधन लोहरा और विकाश सिंह (21), पिता रामस्वरूप सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर एलसीडी टीवी का टूटा हुआ स्क्रीन, मदरबोर्ड तथा कंप्यूटर का यूपीएस बरामद किया गया। इसके अलावा पंचायत भवन से उखाड़ा गया सीपी प्लस कंपनी का कैमरा भी बरामद हुआ है। कैमरे का तार नोचा हुआ था।

पुलिस ने मौके से इंटेक्स कंपनी का यूपीएस बैटरी, नारंगी रंग का बैटमैन लिखा कलाई रबर बैंड और एलसीडी के टूटे हुए स्क्रीन डिस्प्ले एवं मदरबोर्ड का पार्ट भी जब्त किया है। इस संबंध में जोबांग थाना कांड संख्या 04/26, दिनांक 24 सितंबर 2026 को बीएनएस की धारा 305(ई), 317(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

छापामारी दल में जोबांग थाना प्रभारी सह पुलिस अवर निरीक्षक विष्णु रजक, सहायक अवर निरीक्षक प्रदीप कुमार यादव तथा जोबांग थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Post