सरायकेला। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सितंबर माह में पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 103 मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यम से ट्रैक कर बरामद किया। बरामद मोबाइल फोन को शुक्रवार को आरआईटी थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया गया। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार और आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने सत्यापन के बाद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे।
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि जिला पुलिस की तकनीकी शाखा और विभिन्न थानों की टीम के समन्वय से गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की लगातार निगरानी और ट्रैकिंग की जा रही है। इसी प्रक्रिया के तहत सितंबर में 103 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो महीनों में भी बड़ी संख्या में मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस किए गए हैं। 103 मोबाइल की बरामदगी अभियान के तहत अब तक की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है।
एसपी ने कहा कि गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन के दूसरे लोगों के हाथ में जाने के बाद साइबर ठगी अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने की आशंका रहती है। ऐसे मोबाइल की समय पर ट्रैकिंग और बरामदगी से उसके गलत इस्तेमाल की संभावना कम होती है। उन्होंने कहा कि मोबाइल बरामदगी का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में देरी किए बिना भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके लिए www.ceir.gov.in पर जाकर मोबाइल को ब्लॉक और ट्रैक कराने की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इसके अलावा संचार साथी ऐप के माध्यम से भी मोबाइल गुम या चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

