Breaking
Wed. Sep 23rd, 2026

*तेज बारिश के बीच कार और बाइक में जोरदार टक्कर, बाइक सवार बाल-बाल बचा*

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित सारंडा क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश और हवाओं के बीच बुधवार दोपहर किरीबुरू हिलटॉप मुख्य सड़क मार्ग पर पुराना मैगजीन के समीप स्विफ्ट डिजायर कार और मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, मोटरसाइकिल सवार मेघाहातुबुरु निवासी ठेका श्रमिक सह शॉपिंग सेंटर में पान दुकान संचालक अब्दुल बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार दुर्घटना बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई। तेज बारिश के बीच दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। हादसे में अब्दुल को अंदरूनी चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें सेल अस्पताल किरीबुरू पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई।

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। बारिश के कारण सड़क पर पहले से ही परेशानी बनी हुई थी, जिसके बीच हादसे से आवागमन भी प्रभावित हुआ।

इधर, लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण सैडल गेट और किरीबुरू के बीच मुख्य सड़क पर एक बड़ा पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से सड़क के दोनों ओर वाहनों का आवागमन काफी देर तक बाधित रहा। स्थानीय लोगों और वन विभाग के सहयोग से पेड़ को काटकर सड़क से हटाया गया। इसके बाद मार्ग पर यातायात फिर से शुरू हो सका।

लगातार बारिश के कारण सारंडा क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हुआ है। किरीबुरू हिलटॉप, बिरसा चौक से केंद्रीय विद्यालय तथा टीआर गेट से वन विभाग कार्यालय होते हुए मेघालय गेस्ट हाउस तक जाने वाली सड़कों की स्थिति खराब बताई जा रही है। बारिश के दौरान इन सड़कों पर लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जर्जर सड़कों की स्थिति का जायजा लेकर जल्द मरम्मत और आवश्यक स्थानों पर सड़क निर्माण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के दौरान खराब सड़कों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

Related Post