Breaking
Wed. Sep 23rd, 2026

आयुर्वेद अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली और रोगों से बचाव पर जोर, सीएसआईआर-एनएमएल में मना आयुर्वेद दिवस

जमशेदपुर। आयुर्वेद का उद्देश्य केवल बीमारियों का उपचार करना नहीं, बल्कि स्वास्थ्य को बनाए रखना, रोगों की रोकथाम करना और शरीर तथा मन के बीच संतुलन स्थापित करना भी है। इसके लिए संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। यह बात मुख्य वक्ता डॉ. चित्रा सिंह ने बुधवार को सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर में आयोजित 11वें आयुर्वेद दिवस समारोह के दौरान कही।

संस्थान के मेडिकल सेल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में डॉ. चित्रा सिंह ने आयुर्वेद के मूल सिद्धांतों और वर्तमान जीवनशैली में इसकी उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली के बीच स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना जरूरी है। नियमित दिनचर्या, संतुलित भोजन और स्वास्थ्यवर्धक आदतों को अपनाकर कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने शरीर और मन के संतुलन को स्वस्थ जीवन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में आयुर्वेद आधारित स्वस्थ आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधुरी के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता डॉ. चित्रा सिंह का स्वागत करते हुए स्वस्थ जीवनशैली और स्वास्थ्य संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर डॉ. प्रियंका सिंह ने डॉ. चित्रा सिंह का परिचय देते हुए उनके कार्यक्षेत्र और विशेषज्ञता की जानकारी दी।

चिकित्सा सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. वी. सी. श्रीवास्तव ने ‘आयुर्वेद से स्वास्थ्य की रक्षा’ विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संरक्षण के लिए संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और अनुशासित जीवनशैली को दैनिक जीवन में अपनाना जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में आयुर्वेद की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों को आयुर्वेद और स्वास्थ्य संरक्षण से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं तथा स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में प्रशासन नियंत्रक जय शंकर शरण ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता, निदेशक, अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया।

मंच संचालन सहायक अनुभाग अधिकारी आंचल कुमारी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के चिकित्सा अनुभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अनुभाग अधिकारी राजू कुमार ने आयोजन एवं व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सहयोग किया। कार्यक्रम में सीएसआईआर-एनएमएल के वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य सदस्यों ने भाग लिया।

Related Post