Breaking
Tue. Sep 22nd, 2026

फर्जी कस्टमर केयर बनकर साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में देवघर पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर तीन कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों को कैशबैक का झांसा देते थे और विभिन्न तरीकों से उनके साथ ऑनलाइन ठगी करते थे। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 21 सितंबर को की गई।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के असूरबंधा स्थित ब्लॉक के पीछे मैदान में कुछ युवक साइबर ठगी की गतिविधियों में शामिल हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और तीन संदिग्धों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिंझा-पिपरा निवासी सहादत अंसारी (21), गुलफराज अंसारी (30) और सरफराज अंसारी (21) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी Google Pay, PhonePe और Airtel Payment Bank कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का लालच देते थे। इसके अलावा PM Kisan Yojana, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करने के बाद ठगी करने का तरीका भी अपनाते थे।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी खुद को Airtel Payment Bank का अधिकारी बताकर पहले ग्राहकों के कार्ड बंद करने और फिर उसे दोबारा चालू कराने के नाम पर झांसा देते थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामद मोबाइल और सिम की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात कही है।

छापेमारी दल में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक राकेश कुमार रवि, सोनारायठाढ़ी थाना के सहायक अवर निरीक्षक सह थाना प्रभारी रोहित दांगी तथा दोनों थानों के सशस्त्र बल शामिल थे।

Related Post